असम के गोलाघाट में गले में टायर फंसे जंगली हाथी का

असम में हाथी के गले से निकाला गया फंसा हुआ टायर

हाथी के गले में फंसा था बड़ा टायर (File Photo)

गोलाघाट: गुरुवार शाम असम के गोलाघाट जिले में वन विभाग की टीमों ने संकट में फंसे एक जंगली हाथी को बचाया और उसके गले में फंसा एक बड़ा टायर सफलतापूर्वक निकाल दिया। सोशल मीडिया पर बचाव अभियान का वीडियो शेयर करते हुए असम के वन मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने कहा कि मोरोंगी इलाके में हाथी के गले में टायर फंसे होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। 

गले में टायर फंसे हाथी के रेस्क्यू में जुटी वन विभाग की टीम

मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, गोलाघाट जिले के मोरोंगी इलाके में एक जंगली हाथी के गले में टायर फंसे होने की सूचना मिलते ही हमारी वन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। हमारी अग्रिम पंक्ति की टीमों ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ बचाव अभियान चलाया। हाथी को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, साथ ही जानवर और हमारे कर्मियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा, मैं हमारी अग्रिम पंक्ति की वन टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया, साहस और समर्पित प्रयासों की सराहना करता हूं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हमारे वन्यजीवों की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता वास्तव में प्रशंसनीय है।

कई घंटे की मशक्कत के बाद हाथी के गले से निकाला गया टायर

आज सुबह गोलाघाट जिले के मोरोंगी इलाके में एक चाय बागान के पास एक हाथी भोजन की तलाश में घूमता हुआ देखा गया, जिसके गले में एक बड़ा टायर फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पशु चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। कई घंटों की लगातार मशक्कत के बाद टीमों ने हाथी के गले से टायर सफलतापूर्वक निकाल दिया। वन विभाग की टीमों ने बचाव अभियान के दौरान जानवर और उसमें शामिल कर्मियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। 

(इनपुट: ANI)

ये भी पढ़ें- अल्लू अर्जुन के AAFA की पहल, सोलापुर में HPV वैक्सीन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित