इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में तड़के एक ट्रेवल्स बस

इटावा में हाईवे पर ट्रेवल्स बस पलटी, 11 यात्री घायल

Travel Bus Overturns on Etawah Highway, 11 Passengers Injured

इटावा,(उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे एक ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। दुर्घटना के समय बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 से 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य का अस्पताल में उपचार कराया गया।

दिल्ली की ओर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक ट्रेवल्स बस दिल्ली की ओर जा रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हटने पर बस डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाया गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाधित यातायात को शीघ्र सामान्य कराया जा सका।

चालक को नींद आने के कारण हुआ हादसा

पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः मयंक यादव और वैभव सूर्यवंशी के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया