उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में र

ट्रिपल मर्डर से हाहाकार; गुस्साए परिजनों ने हाइवे किया जाम, बोले- आरोपियों का एनकाउंटर हो, घरों पर बुलडोजर चले

Triple Murder Sparks Outrage; Families Demand Encounter and Bulldozer Action

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के रुपये के हिसाब-किताब को लेकर चल रही रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। सोमवार रात आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में दो सगे भाई और घटनास्थल के पास टहल रहा 15 वर्षीय किशोर शामिल है। तिहरे हत्याकांड के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने हरिद्वार हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों के एनकाउंटर के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई।

मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर चल रही थी रंजिश

दरअसल, रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब और अध्यक्षता को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से तनातनी चल रही थी। कौशल गुप्ता पक्ष की ओर से वर्तमान मेला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता से कमेटी के रुपये का करीब 4 साल का हिसाब मांगा जा रहा था। दोनों पक्षों के बीच पिछले साल भी विवाद हुआ था। उस समय एक जनप्रतिनिधि ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। हालांकि, इस बार विवाद को समय रहते नहीं सुलझाया जा सका और मामला हिंसक हो गया।

सिटी गेट के पास फायरिंग, तीन लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात सिटी गेट के पास कौशल गुप्ता पक्ष के लोगों ने अंकित गुप्ता और उसके भाई पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अंकित गुप्ता और वहां से गुजर रहे 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव की मौत हो गई। वहीं, मोहित गुप्ता ने बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तिहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार के लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।

गुस्साए परिजनों ने हरिद्वार हाईवे किया जाम

हत्याकांड से आक्रोशित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष थाने जाने वाले मोड़ पर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हरिद्वार हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 15 मिनट तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान कुछ आक्रोशित महिलाओं ने वाहनों को घेर लिया और उन्हें थपथपाना शुरू कर दिया। इससे वाहन सवार राहगीरों में दहशत फैल गई। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।

आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि मामले में ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इस दौरान थाना प्रभारी अमित सिंह की पीड़ित परिवार के लोगों से नोकझोंक भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख एएसपी हिमांशु गौरव मौके पर पहुंचे और परिजनों को आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।

कस्बे में तनाव, पुलिस बल तैनात

तिहरे हत्याकांड के बाद अमरिया कस्बे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के अधिकारी लगातार घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: बिहार नाव हादसा: 13 बच्चों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख, बचाव अभियान जारी