गाडरवारा में पेट्रोल पंप के सामने जोरदार भिड़ंत! बेकाबू ट्रक ने ई-रिक्शा को रौंदा, 2 गंभीर
मध्य प्रदेश: नरसिंहपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक भारी वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन में सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस द्वारा वाहन को जब्त कर घटना की जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जिले के गाडरवारा में पेट्रोल पंप के सामने एक भारी वाहन कुछ सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक ई-रिक्शा यात्रियों को लेकर वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान भारी वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर पलटा ई-रिक्शा, दो लोग घायल
टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। इस घटना में वाहन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें वहां मौजूद लोगों ने वाहन से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार जारी है। इस दौरान डायल 112 पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भारी वाहन व उसके चालक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस थाने भिजवाया, जहां पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का पूरा घटनाक्रम
वहीं, इस घटना को लेकर वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक साहू ने बताया कि भारी वाहन तेज गति से आया और ई-रिक्शा सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया।
ये भी पढ़ें: आशीर्वाद के 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाया बैतूल, प्रधानमंत्री की प्रतिकृति रही आकर्षण का केंद्र