लालगंज में पलटा भैंसों से लदा ट्रक, 4 की मौत
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। गोवंश और मवेशियों की अवैध तस्करी करने वाले कसाइयों के सिंडिकेट का एक बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को 31 भैंसों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दम घुटने और चोट लगने के कारण चार भैंसों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार से भैंसों से लदा ट्रक पलटा
जानकारी के अनुसार, ट्रक (यूपी 21 बीएन 1893) हरियाणा के रोहतक से भैंसों को क्रूरतापूर्वक लादकर उन्नाव ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि उन्नाव में बड़े पैमाने पर मीट फैक्ट्रियां (स्लॉटर हाउस) संचालित हैं, जहां इन जानवरों को अवैध कटान के लिए ले जाया जा रहा था। ऐहार के पास एक्सप्रेसवे पर रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया। ट्रक पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाले मवेशी
हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा कराया और उसमें ठूंस-ठूंस कर भरे गए घायल जानवरों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को भी सूचित किया है।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
लालगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर तस्करों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। मवेशियों के साथ क्रूरता और अवैध तस्करी के मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
यह भी पढे़ं: प्रियंका चोपड़ा का 'वाराणसी' से पहला लुक जारी, एसएस राजामौली की फिल्म में निभाएंगी 'मंदाकिनी' का किरदार