ट्रकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग; हाईवे पर मची अफरा-तफरी
सिरोही {उत्तर प्रदेश}: सिरोही जिले के रेवदर उपखंड के अनादरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिरोडी गांव के पास हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों में देखते ही देखते भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटों और धमाकों से दहला इलाका
हादसे के बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद ट्रकों से लगातार ब्लास्ट जैसी आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया गया।
एक चालक के ट्रक में फंसे होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ट्रक चालक आग लगने के दौरान वाहन में ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आशंका जताई जा रही है कि चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि चालक की पहचान और मौत की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जानी बाकी है।
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही अनादरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। आग बुझाने के लिए दमकल को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कराया। फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, लक्षित हत्या की साजिश नाकाम