जिले में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ

एनएच-45 पर खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौके पर मौत

Truck Driver Killed in Fatal NH-45 Collision Near Bari

रायसेन। जिले में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। एनएच-45 पर बाड़ी के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर की भीषण आवाज से सहम गये लोग

जानकारी के अनुसार, हादसा 'बाबा जी के ढाबे' के पास हुआ। सड़क किनारे खड़े एक आयसर ट्रक (MP 07 GA 7625) को पीछे से आ रहे दूसरे आयसर ट्रक (MP 13 H 1786) ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए।

शव को निकालने JCB से घंटों चली मशक्कत

हादसे के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया था, जिसके कारण चालक का शव लोहे के मलबे के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता न मिलने पर तुरंत JCB मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से केबिन के भारी लोहे को काटकर और खींचकर अलग किया गया, जिसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

चालक की पहचान करने के प्रयास

पुलिस मृतक चालक की पहचान करने के प्रयास कर रही है। शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए बाड़ी अस्पताल भेज गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें और सड़क किनारे वाहन पार्क करते समय संकेतक (Indicators) का प्रयोग अवश्य करें।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/five-afghan-nationals-arrested-in-fake-passport-racket-with-jabalpur-link/145294

फर्जी पासपोर्ट मामले में 5 अफगानी नागरिक गिरफ्तार, जबलपुर कनेक्शन उजागर