तूफान से तबाह केला फसल का जायजा लेने किसानों के बीच पहुंचे मंत्री तुलसी सिलावट
बुरहानपुर (मध्यप्रदेश)। बुरहानपुर जिले में आंधी-तूफान से बर्बाद हुई केला फसल का जायजा लेने प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट टेम्पो ट्रेवल में सवार होकर किसानों के बीच पहुंचे। उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक अर्चना चिटनीस, नेपानगर विधायक मंजू दादू तथा प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। मंत्री ने प्रभावित गांवों में किसानों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने खेतों में जाकर किसानों से किया सीधा संवाद
बुरहानपुर जिले के खामिनी और मंजरोद सहित अन्य प्रभावित गांवों में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की जानकारी ली। खेतों में पहुंचकर मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की पीड़ा को समझती है और हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
पारदर्शिता के साथ खेतों में ही सर्वे करने के सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों के खेतों में जाकर की जाए। उन्होंने कहा कि किसी होटल, कार्यालय या पंचायत भवन में बैठकर नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर पटवारी और राजस्व अमला वास्तविक नुकसान का आकलन करेगा ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा मिल सके।
4,113 किसान और 179 गांव प्रभावित
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष दूसरी-तीसरी बार प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जिले में लगभग 4 हजार 113 किसान और 179 गांव केला फसल की क्षति से प्रभावित हुए हैं। प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।
विधायक अर्चना चिटनीस ने दिलाया राहत राशि का भरोसा
वहीं विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सर्वे के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी और किसानों को संकट की इस घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को अब सरकार की राहत और सर्वे रिपोर्ट का इंतजार है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सर्वे पूरा कर पात्र किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: राजनांदगांव में अनाज चोरी का खुलासा, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल