मुरैना के स्टेशन रोड थाना पुलिस ने फायरिंग कर हत्य

फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ीं

Two Absconding Accused Arrested in Attempted Murder Firing Case

मुरैना (मध्य प्रदेश)। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तमपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के खिलाफ मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

29 जुलाई 2026 की रात शिकायत की थी दर्ज

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात करीब 11:40 बजे नेक्सिया गली, उत्तमपुरा निवासी गुनी टैगोर ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने आरोप लगाया था कि करण वाल्मीकि और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान अनिल कुमार टैगोर गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की

शिकायत के आधार पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई।

मुखबिर से मिली आरोपियों की सूचना 

पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने उत्तमपुरा से प्रकरण में वांछित मनोज वाल्मीकि और धीरू वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी बढ़ाई गई हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, राष्ट्रीय हिंदू सेना ने निभाया इंसानियत का फर्ज