मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म
औरंगाबाद (बिहार)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मजाक के दौरान हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में पवई गांव निवासी अनिल भुइया और धीरेंद्र भुइया शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी करहारा गांव निवासी जितेंद्र भुइया की मौत मामले में की गई है। आरोप है कि मामूली कहा सुनी में दोनों अभियुक्तों ने जितेंद्र के साथ हिंसक मारपीट कर दी जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद आनन-फ़ानन में इलाज़ के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान जीतेंद्र की मौत
जहां इलाज के दौरान जीतेंद्र की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार किया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि जितेंद्र भुइया के भाई का ससुराल पवई गांव में है। दोनों पक्षों के लोग आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच मजाक का संबंध है।
मृतक की पत्नी ने प्राथमिकी कराई दर्ज
सोमवार को सभी के बीच पत्नियों को लेकर मजाक हो रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। मारपीट में जितेंद्र भुइया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ेंः नवरात्रि के पावन अवसर पर 22 वर्षीय शंकर कुमार की कठिन तपस्या, विश्व शांति की कामना