ममता नगर स्थित एक अनाज गोदाम से लाखों रुपये के अना

राजनांदगांव में अनाज चोरी का खुलासा, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Two Arrested for Grain Theft in Rajnandgaon

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव शहर के औद्योगिक क्षेत्र ममता नगर स्थित एक अनाज गोदाम से लाखों रुपये के अनाज की चोरी करने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए अनाज की बिक्री से प्राप्त ₹7,900 नगद भी बरामद किए गए हैं।

मैनेजर की शिकायत पर शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार, ममता नगर स्थित दुलीचंद शिवचंद पारख फर्म के मैनेजर ने 3 जून की रात कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गोदाम में मार्च 2026 से रखे गए चना खंडा, सोयाबीन एवं मसूर सहित लगभग ₹4.50 लाख मूल्य के अनाज की समय-समय पर चोरी की जा रही थी। गोदाम के ताले और चैन कई बार संदिग्ध अवस्था में पाए गए तथा स्टॉक मिलान के दौरान अनाज की कमी सामने आई।

पुलिस टीम ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

रिपोर्ट के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम ने गोदाम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

चोरी स्वीकार, ₹7,900 की नकदी बरामद

जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल कुर्रे (27 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, पुराना ढाबा तथा दिनेश साहू (25 वर्ष), निवासी शिव नगर ढाबा रोड, चिखली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए अनाज की बिक्री से प्राप्त ₹7,900 बरामद किए।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए अभियुक्त

गिरफ्तार आरोपियों को 4 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल कुर्रे के विरुद्ध पूर्व में भी थाना लालबाग और कोतवाली में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें: शाजापुर ट्रॉली चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर सहित ₹5.30 लाख का मशरुका जब्त