चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश क

चंदौली में पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, तलवार-लाठी से वार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Two Arrested in Chandauli for Sword-Lathi Attack Over Old Rivalry

चदौली (उत्तर प्रदेश)। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार (बड़ा खंजर), एक लाठी तथा 220 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

विवाद के बाद हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, ग्राम ककरही (मनराजपुर) में शनिवार रात लगभग 8:30 बजे शिवप्रकाश वर्मा काम से घर लौटकर भोजन मांगने लगा। इसी दौरान उसकी बहन पुष्पा से कहासुनी हो गई। शोर सुनकर पड़ोसी गुड्डू अंसारी, जो पहले से ही रंजिश रखता था, परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गया और वादिनी की बेटी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।

लाठी-डंडों और तलवार से हमला

जब शिवप्रकाश ने इसका विरोध किया तो गुड्डू अंसारी, उसका पुत्र महफूज आलम, पत्नी मेहरूनिशा और रिश्तेदार मेराज अंसारी ने एकराय होकर लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवप्रकाश के पिता राजनाथ सेठ पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राजनाथ के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि शिवप्रकाश का सिर फट गया और उसका कान भी कट गया।

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

घटना के संबंध में थाना सैयदराजा पर मु0अ0सं0 215/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद एवं उपनिरीक्षक संतोष तिवारी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 12:20 बजे कार्रवाई करते हुए आरोपी गुड्डू अंसारी पुत्र खलील तथा महफूज आलम पुत्र गुड्डू अंसारी, निवासी ग्राम ककरही (मनराजपुर), थाना सैयदराजा को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार बरामद, कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार (बड़ा खंजर), एक लाठी तथा 220 रुपये नगद बरामद किए हैं। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े:    शाजापुर में दुष्कर्म आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, सुनेरा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई