सहारनपुर साइबर पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 कर

ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 करोड़ की साइबर ठगी, सहारनपुर पुलिस ने दो शातिर जालसाज दबोचे

Two arrested in Rs 1.31 crore online trading fraud case

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सद्दाम पुत्र शमीम अहमद निवासी छपरा (बिहार) तथा जावेद अंसारी निवासी धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई है। दोनों गाजियाबाद की खोडा कॉलोनी में किराये पर रहकर साइबर ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश के नाम पर 1.31 करोड़ रुपये की साइबर ठगी

पुलिस के अनुसार, बेहट रोड स्थित मंगलम एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अंशुल गुप्ता से ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म KU COIN (MING COIN) के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर कुल 1,31,25,200 रुपये निवेश करा लिए गए। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो न तो पैसा मिला और न ही प्लेटफॉर्म की ओर से कोई संतोषजनक जवाब मिला। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

तकनीकी जांच के बाद गाजियाबाद से दो आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। एक खाते में पीड़ित के चार लाख रुपये ट्रांसफर होने का पता चला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने गाजियाबाद में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, स्कैनर, पीओएस मशीन, 26 एटीएम कार्ड, 24 पासबुक, 19 चेकबुक, 20 चेक, सात सिम कार्ड, विभिन्न कंपनियों के फर्जी दस्तावेज, आधार कार्ड, पासपोर्ट सहित साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया। 

साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े निकले आरोपी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क से जुड़े हैं तथा इनके खिलाफ पहले से 13 एनसीआरपी शिकायतें भी दर्ज हैं।साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म पर बिना जांच-परख के पैसा न लगाएं। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। 

यह भी पढ़ेंः   बलिया में मायके से बुलाने के अगले दिन विवाहिता की मौत, दहेज को लेकर गला घोंटकर हत्या का आरोप