शाजापुर ट्रॉली चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर सहित ₹5.30 लाख का मशरुका जब्त
शाजापुर (मध्यप्रदेश)। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत अवंतीपुर बड़ोदिया थाना अंतर्गत तिलावद चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खेत से ट्रॉली चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की ट्रॉली और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त किए गए कुल मशरुका की कीमत ₹5.30 लाख बताई जा रही है।
क्या था मामला?
पुलिस के अनुसार, गत 22 मार्च 2026 को तिलावद निवासी फरियादी मोहनसिंह पिता माखनसिंह खाती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत पर बने मकान के सामने से कोई अज्ञात बदमाश ट्रॉली चोरी कर ले गया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब ट्रॉली का सुराग नहीं लगा, तो थाना अवंतीपुर बड़ोदिया में अपराध क्रमांक 60/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर और तकनीकी मदद से दबोचे गए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शुजालपुर निमेश देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में तिलावद चौकी पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी व पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
₹5.30 लाख का माल बरामद
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी अंकित उर्फ विकास (पिता राधाकिशन मालवीय, निवासी हर्राजखेड़ा) और कुलदीप (पिता एलमसिंह मालवीय, निवासी कोलवा) ने ट्रॉली चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई ट्रॉली (कीमत करीब ₹1,30,000) और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया सोनालिका ट्रैक्टर (कीमत करीब ₹4,00,000) जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्रा, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक घनश्याम बैरागी, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश काजले, प्रधान आरक्षक राजमल, आरक्षक लवकुश परमार, शिवपाल सिंह, अखिल वर्मा, अनिल, सैनिक गिरधारीलाल और ग्राम रक्षा समिति के सदस्य राकेश कलमोदिया की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: दवा व्यवसायी जुनैद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, तीन फरार आरोपियों के घर की गई कुर्की