सुल्तानपुर के कादीपुर में रोडवेज बस की टक्कर से बा

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, चालक फरार

Two Bikers Killed in Roadways Bus Collision in Sultanpur, Driver Flees

सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर के पास शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

शाहगंज जा रही रोडवेज बस की बाइक से हुई जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, शाहगंज डिपो की रोडवेज बस (यूपी 44 एटी 0269) सुल्तानपुर से यात्रियों को लेकर शाहगंज जा रही थी। पदारथपुर स्थित संस्कार ढाबे के पास सामने से पाण्डेयबाबा की ओर आ रही बाइक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान दीपक विश्वकर्मा और मुकेश हरिजन के रूप में हुई

मृतकों की पहचान कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर निवासी दीपक कुमार विश्वकर्मा (24) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालापुर निवासी मुकेश हरिजन (30) पुत्र परशुराम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक घर से पाण्डेयबाबा में लकड़ी का काम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की शुरू की प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। उधर, हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रोडवेज बस को सड़क किनारे खड़ा करा दिया। चालक के फरार होने से लोगों में नाराजगी रही। पुलिस बस और चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ें:   झालावाड़ में सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत, सामने से आ रही बाइक ने मारी टक्कर