2 दिन, 2 लाशें और उठते संगीन सवाल! सिंगरौली में शादी बनी खूनी खेल या साजिश?
सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: सरई थाना अंतर्गत बरका चौकी के पुरैल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दो दिनों के भीतर पति और पत्नी, दोनों का शव फांसी के फंदे से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पहले पत्नी का शव फंदे से लटका मिला
बीते कल गांव में महिला का शव उसके ससुराल में ही फांसी के फंदे पर लटकता हुआ बरामद किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। मायके वालों का दावा था कि महिला की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया है।
अगले दिन पति का शव मिलने से हड़कंप
अभी इस घटना की जांच चल ही रही थी कि आज घर से कुछ ही दूरी पर स्थित झाड़ियों में पति का शव भी फांसी के फंदे से लटकता मिला। इसके बाद पति के परिजनों ने मृतका के मायके पक्ष पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पति के घर वालों का कहना है कि मायके वालों ने रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम देकर शव को झाड़ियों में लटका दिया।
दोनों पक्षों में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं और जमकर हंगामा कर रहे हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सरई पुलिस और बरका चौकी की टीम भारी पुलिस बल के साथ पुरैल गांव में डटी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़े: नहरों में फेंके जा रहे मृत पशुओं के शवों से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित, ग्रामीणों ने कार्रवाई की गुहार