दरा टनल के वन-वे मार्ग पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 घायल
झालावाड़ {राजस्थान}: दरा टनल से बाहर निकलते समय वन-वे मार्ग पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक और एक महिला घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रैंड विटारा और स्कॉर्पियो में टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसे में रविकांत तिवारी पुत्र दिनेश (31), निवासी गुड़गांव, हरियाणा तथा रवीना पत्नी शेषाक (30), निवासी देहरी सोम बिहार सहित चार लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दरा टनल से बाहर निकलते समय वन-वे मार्ग पर ग्रैंड विटारा और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद वन-वे मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।