बाराबंकी में जर्जर दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा, दो बच्चों की मौत और तीन घायल
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौकी अलियाबाद अंतर्गत गुलचप्पा कलां गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल जा रहे पांच बच्चों के ऊपर अचानक एक जर्जर ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ईंट की दीवार अचानक ढह गई
जानकारी के अनुसार, पांचों बच्चे रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे गांव की एक संकरी गली से गुजर रहे थे, रास्ते में स्थित वर्षों पुरानी जर्जर ईंट की दीवार अचानक ढह गई और सभी बच्चे मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
काफी समय से जर्जर स्थिति में थी दिवार
हादसे में गांव निवासी 7 वर्षीय हुजैफा और 14 वर्षीय हजरा बानो की मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय हस्सान, 4 वर्षीय हानिया तथा 14 वर्षीय मोहम्मद अदनान घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। ग्रामीणों का आरोप है, कि हादसे वाली दीवार काफी समय से जर्जर थी और लगातार बारिश के चलते उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी। उन्होंने कई बार मकान मालिक से दीवार हटाने या मरम्मत कराने की मांग की थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम बृजेंद्र उपाध्याय, नायब तहसीलदार सुधाकर पांडेय और सीएचसी अधीक्षक अमित दुबे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः हसीना के भारत से दिए भाषण पर बीएनपी नेता का हमला, भारत-बांग्लादेश संबंधों पर जताई चिंता