पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम चचेरे भाइय

पानी के गड्ढे में डूबने से दो मासूम चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम ‎

Two Cousin Brothers Die Tragically After Drowning in Water-Filled Pit

‎झालावाड़ (राजस्थान)। जिले के मनोहरथाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। चांदपुरा भीलान गांव में दो मासूम बच्चों की पानी के गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। कपड़े और चप्पल गड्डे के पास मिलने के बाद ग्रामीणों को हादसे का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

गड्ढे में तलाश करने पर मिला दोनों बच्चों का शव

‎जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण मवेशी चरा रहे थे। इस दौरान उन्हें कुछ दिनों पहले जेसीबी द्वारा खोदे गए एक पानी से भरे हुए गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े दिखाई दिए। शक होने पर ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश की तो दोनों बच्चों के शव पानी में मिले। इसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत किया घोषित

‎मृतकों की पहचान 9 वर्षीय नवीन भील, पुत्र दीवान भील और 10 वर्षीय भूरालाल, पुत्र इंद्र सिंह भील के रूप में हुई है। दोनों बच्चे दो भाइयों के अलग-अलग पुत्र थे। ‎ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तुरंत मनोहरथाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की शुरू

‎सूचना मिलते ही मनोहरथाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों शवों को मनोहरथाना चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः अवैध संबंध के शक में युवक-महिला का सिर मुंडवाया, जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया