समस्तीपुर: विवेक विहार मोहल्ले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 101 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
समस्तीपुर (बिहार)। जिले के मुफस्सिल व नगर थाना क्षेत्र के बोर्डर इलाके पर विवेक विहार मोहल्ले में बुधवार कि देर रात पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहल्ले में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप पहुंची है। उक्त सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी संख्या में पुलिस बल के साथ इलाके में छापेमारी की। छापेमारी का नेतृत्व प्रभारी सदर डीएसपी-1 सह साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक कर रहे थे। पुलिस टीम ने विवेक विहार मोहल्ले में संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 101 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।
पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ शुरू
प्रभारी सदर DSP दुर्गेश दीपक को सूचना मिली थी कि विवेक विहार मोहल्ले में ब्राउन शुगर की खेप पहुंची है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने खुद कार्रवाई की कमान संभाली और पुलिस टीम के साथ छापेमारी के लिए निकल पड़े। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ शुरू की गयी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लायी गयी थी और इस धंधे से कौन-कौन से लोग जुड़े हैं।DSP ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस को आशंका है, कि इस कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते हैं व ब्राउन शुगर की बड़ी मात्रा कहीं और स्टाॅक कर रखी गयी है। गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में प्रभारी सदर डीएसपी-1 ने फिलहाल कार्रवाई को प्रभावित होने का हवाला देते हुए बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा और गिरफ्तार युवकों की पहचान समेत अन्य जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और गिरफ्तारी हो सकती है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली सिविल कोर्ट में फर्जी वकीलों पर शिकंजा: सेंट्रल बार एसोसिएशन ने जारी किया कड़ा निर्देश