वाराणसी में दो मुठभेड़, चेन स्नेचर और अनाचार का आरोपी गिरफ्तार; दोनों के पैर में लगी गोली
वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: जिले में गुरुवार देर रात पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया। शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपी को दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि कैंट थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से अनाचार के मामले में फरार आरोपी दोनों पैरों में गोली लगने के बाद पकड़ा गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
चेन स्नेचिंग के आरोपी के पैर में लगी गोली
शिवपुर पुलिस के अनुसार, खुशहाल नगर में महिला से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। गुरुवार देर रात हरिहरपुर के पास पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने करीब चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बिहार के रोहतास निवासी शशि भूषण के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल शशि भूषण को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक और लूटी गई चेन बरामद हुई है। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
दूसरी मुठभेड़ में अनाचार का आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कैंट थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त और मूक-बधिर युवती से अनाचार के मामले में फरार आरोपी शुभम भारती को वरुणा नदी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिलट बाजार का रहने वाला है और एक रेस्टोरेंट में कर्मचारी था।
शिकायत के बाद आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती के भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त की शाम उसकी बहन छत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान शुभम भारती वहां पहुंचा और उसके साथ अनाचार किया। शिकायत के बाद कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
पुलिस पर फायरिंग का दावा, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस का दावा है कि गुरुवार रात वरुणा नदी के पास कॉरिडोर क्षेत्र में आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगा और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: पहले युवक पर थूका गुटखा, विरोध किया तो कार रोककर कर दी पिटाई; CCTV में कैद घटना