जिले के सारंगपुर क्षेत्र में बुधवार शाम एक ही परि

एक ही घर से उठीं दो अर्थियां! बेटी का शव सेप्टिक टैंक में मिला, मां ने फांसी लगाकर दी जान

Double Death

राजगढ़ {मध्यप्रदेश}: जिले के सारंगपुर क्षेत्र में बुधवार शाम एक ही परिवार में हुई दो मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 30 वर्षीय विवाहिता शीतल और उसकी 55 वर्षीय मां मंजू राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

सेप्टिक टैंक में मिला बेटी का शव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाहिता शीतल का शव घर के पास स्थित सेप्टिक टैंक में मिला। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। पुलिस को आशंका है कि उसने टैंक में कूदकर आत्महत्या की हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मां ने घर में लगाई फांसी

बेटी की मौत के सदमे में मां मंजू राठौर ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था।

टिफिन देने पहुंचे बेटे को हुआ घटना का पता

जब बेटा घर पर टिफिन देने पहुंचा और काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों की मदद से खिड़की से झांककर देखा गया, जहां मंजू राठौर फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिलीं। वहीं कमरे में एक छोटा बच्चा रोता हुआ मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शीतल का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह तनाव में थी।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि दोनों मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़े: जर्जर सड़क से हादसों का खतरा बढ़ा