कोचिंग से लौट रहीं दो छात्राओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत
औरंगाबाद (बिहार)। पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कोचिंग से घर लौट रही दो छात्राओं को कुचल दिया। हादसे में दोनों छात्राओं की मौत हो गई। घटना भतारी मोड़ के पास की है। मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मो रियाजउद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी तथा इसी गांव के रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में की गई है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ किया ओबरा-पौथू मार्ग जाम
बताया जाता है, कि अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आशिया ने सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ ओबरा-पौथू मार्ग जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया और फरार चालक की तुरंत गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर अड़े रहे।
आक्रोशितों को समझाने के प्रयास में जुटी पुलिस
जाम के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर सफलता नहीं प्राप्त हो सकी। घटना की सूचना पर ओबरा थानाध्यक्ष , ओबरा बीडीओ सहित कई पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर आक्रोशितों को समझाने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को किया जब्त
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराई। इसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से गुजर रही दो छात्राओं को रौंद दिया।दोनों छात्राएं कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही थीं। हादसे के बाद नरौला गांव में मातमी सन्नाटा है और परिजनों का रो रोकर हाल बुरा है।
यह भी पढ़ेंः श्मशान तक जाने का रास्ता बना दलदल, अंतिम संस्कार में भी झेलनी पड़ी भारी परेशानी