बलिया में 45 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 22 लाख की खेप और ब्रेजा कार जब्त
बलिया (उत्तर प्रदेश)। सिकंदरपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गाजीपुर की संयुक्त टीम को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने नगरा मोड़ के पास से सफेद रंग की ब्रेजा कार से अवैध गांजा ले जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से 45 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही झारखंड नंबर की ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह सफलता 15 अक्टूबर को मुखबिर से सटीक सूचना के आधार पर मिली। सूचना में बताया गया था कि गांजा तस्कर एक चार पहिया वाहन से अवैध गांजे की खेप लेकर बलिया से सिकंदरपुर होते हुए देवरिया के रास्ते बिहार ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सिकंदरपुर और क्षेत्र में सक्रिय एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह की संयुक्त टीम ने नगरा मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देख भागने लगे तस्कर
इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 45 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान विकास कुमार यादव निवासी चन्दरपुरा, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर, बिहार और शुभम सिन्हा उर्फ अमित सिन्हा उर्फ छोटू निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों अभियुक्तों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। विकास यादव पर आबकारी व धोखाधड़ी का एक मामला तथा शुभम सिन्हा पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज और आबकारी अधिनियम के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। इस संबंध में सिकंदरपुर थाने पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और इस खेप के मुख्य सप्लायर की जानकारी जुटाने में लगी है।
यह भी पढ़ें: हवा में उड़ने और फ्लिप करने का दावा, 1 सेकंड से कम में 0-60 mph की रफ्तार