औरंगाबाद में बारिश के दौरान हुई दो अलग-अलग वज्रपात

औरंगाबाद में वज्रपात का कहर, मजदूर और किसान समेत दो लोगों की मौत

Two Killed in Lightning Strikes in Aurangabad, Bihar

औरंगाबाद,(बिहार)। वज्रपात की दो अलग अलग घटनाओं में एक मजदूर और दूसरा किसान की मौत हो गई। पहली घटना खुदवां थाना क्षेत्र के कलेन गांव की है। जहां कलेन गांव निवासी श्याम सुंदर पासवान के 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रिंस धान के खेत में बिचड़ा ढो रहा था।

मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता थाः प्रिंस

इसी दौरान बारिश के साथ अचानक वज्रपात की घटना घटित हुई जिसके चपेट में आकर वह हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार, अपर थाना अध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस बेहद गरीब परिवार से था और मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी महज तीन माह पहले ही हुई थी। 4 भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार में एक बहन भी है।

पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंपा

वहीं दूसरी घटना गोह थाना क्षेत्र के झमन बिगहा गांव की है। जहां 47 वर्षीय किसान जुगेंद्र यादव खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोह लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः वाराणसी कचहरी से पुलिस अभिरक्षा में आया चोरी का आरोपी फरार, दो कांस्टेबलों पर कार्रवाई