रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो की मौत, एक गंभीर
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई सीधी टक्कर में यह हादसा हुआ। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित किया
जानकारी के अनुसार, ऊंचाहार थाना क्षेत्र के पूरे राजपाल मजरे अरखा निवासी अभिषेक (20) अपने साथी साहिल (18) के साथ एक बाइक पर सवार था। वहीं, मीरगंज मजरे बहेरवा निवासी पंकज कुमार (28) पुत्र राजाराम दूसरी बाइक से जा रहा था। अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी ऊंचाहार पहुंचाया गया।
तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर वान्या मिश्रा ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक और पंकज को मृत घोषित कर दिया। साहिल का इलाज जारी है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः सिकंदराराऊ में भीषण सड़क हादसा, कार पलटने से तीन की मौत, चार घायल