रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कसर में मंगलवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक आई तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बेटी को छोड़ने घर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसर निवासी जगदीश गुर्जर (60) अपनी बेटी को छोड़ने के लिए घर जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ उनका बेटा बंधुलाल गुर्जर (31) और एक अन्य श्रमिक जगनारायण साहू (निवासी रैला, माड़ा) भी मौजूद थे। चारों लोग एक साथ रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। तभी विपरीत दिशा से अचानक एक ट्रेन आ गई। लोग जब तक संभल पाते, तब तक तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए।
मौके पर एक की मौत, इलाज के दौरान दूसरे ने दम तोड़ा
हादसा इतना भीषण था कि जगनारायण साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पिता जगदीश गुर्जर और उनके बेटे बंधुलाल गुर्जर को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान पिता जगदीश गुर्जर ने भी दम तोड़ दिया।
बाल-बाल बची बेटी की जान
इस दर्दनाक हादसे के दौरान जगदीश गुर्जर की बेटी की जान बाल-बाल बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय अचानक ट्रेन आई, उस समय बेटी रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर पीछे चल रही थी, जिससे वह ट्रेन की ज़द में आने से बच गई। वहीं, उसके पिता और भाई ट्रैक के ठीक ऊपर पहुंच चुके थे, जो हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि हादसे में जगनारायण साहू और जगदीश गुर्जर की मौत हुई है। घायल युवक बंधुलाल के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़: आजमगढ़ पुलिस की मुठभेड़ में आरोपी घायल, गोवंश वध में प्रयुक्त चापड़-चाकू व तमंचा बरामद