आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में 2 की मौत
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पवई थाना क्षेत्र के चकिया गांव के पास रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ से बलिया जा रही रोडवेज बस आगे चल रही पिकअप से जा टकराई। हादसे में बस चालक समेत एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे की आवाज आसपास के इलाके में काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में रोडवेज बस के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक का शव बस के अंदर फंस गया था, जिसे निकालने में पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाली महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप पर पशु लदे हुए थे। बस की पिकअप से टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लखनऊ से बलिया जा रही रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि लखनऊ से बलिया जा रही रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पवई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं मृतक महिला की पहचान के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत
फिलहाल हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई: ट्रंप