चंदौली में 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली,(उत्तर प्रदेश)। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹54 हजार बताई जा रही है।
रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के समीप जीटीआर पुल के नीचे मिली अवैध शराब
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात मुगलसराय थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के समीप जीटीआर पुल के नीचे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार साव निवासी छोटी खगौल, थाना दानापुर, जिला पटना (बिहार) तथा पंकज कुमार मिश्रा निवासी कर्मपुरा, थाना गोपालपुर, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान रवि कुमार साव के पास से 13.95 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक वीवो मोबाइल फोन और ₹600 नकद बरामद किए गए। वहीं पंकज कुमार मिश्रा के कब्जे से 5.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक कीपैड मोबाइल फोन और ₹200 नकद बरामद हुए।
शराब की खेप लेकर बिहार जाने की थी तैयारी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया, कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाते थे। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर उसकी बिक्री कर मुनाफा कमाते थे। इस बार भी वे शराब की खेप लेकर बिहार जाने की तैयारी में थे, लेकिन संयुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया।
आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना मुगलसराय में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज कुमार मिश्रा के विरुद्ध बिहार के गोपालपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से एक मामला दर्ज है।
कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 टेट्रा पैक 8 पीएम (180 एमएल), 20 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू (75 एमएल) और 7 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) सहित कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, उपनिरीक्षक मोहम्मद अरशद तथा आरपीएफ और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ेंः कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, पेड़ से टकराने पर तीन महिला मजदूर गंभीर घायल