चुरैला नाला के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों में आ

बलरामपुर में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; एक युवक की मौके पर मौत; तीन जिंदगी से जूझ रहे

Two motorcycles collided head-on in Balrampur

बलरामपुर,(छत्तीसगढ़)। जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत चुरैला नाला के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें देखते ही देखते आग की चपेट में आ गईं। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

वाड्रफनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

टक्कर के तुरंत बाद दोनों मोटरसाइकिलों में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद दोनों मोटरसाइकिलों में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों बाइकें काफी हद तक जल चुकी थीं।

मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ेंः मासूम बच्चों के हत्या की आरोपी मां और उसके प्रेमी को फांसी की सजा