रायबरेली में चार घंटे में मिले दो नवजात बच्चियों के शव, मचा हड़कंप
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर दो नवजात शिशुओं के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पहली घटना बांदा-बहराइच राजमार्ग स्थित कोन्सा सई नदी पुल के नीचे हुई, जबकि दूसरी घटना बखरी गांव के पास नहर किनारे सामने आई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुल के नीचे गमछे में लिपटा मिला नवजात का शव
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राहगीरों ने कोन्सा सईं पुल के नीचे गमछे में लिपटा एक नवजात का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब गमछा खोला तो उसमें नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ। मौके से एक सर्जिकल कैंची भी मिली है। प्रथमदृष्टया बच्ची के सभी अंग पूर्ण रूप से विकसित दिखाई दे रहे थे। शव के पास सर्जिकल कैंची मिलने से पुलिस अवैध अस्पताल या प्रसव केंद्र की भूमिका से जोड़कर भी जांच कर रही है।
झाड़ियों में मिला दूसरा शव
अभी सई नदी पुल का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अपराह्न करीब तीन बजे बखरी गांव के समीप नहर किनारे झाड़ियों में एक अन्य नवजात शिशु का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लिया। स्थानीय लोगों में एक ही दिन में दो नवजात शिशुओं के शव मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़: काशी में फिर रौद्र रूप दिखाएगी गंगा, 71.28 मीटर तक बढ़ सकता है जलस्तर