उज्जैन में साइबर ठगी के दो मामले, लोगों से 1.74 लाख रुपये की धोखाधड़ी
उज्जैन: शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में लोगों से कुल 1,74,111 रुपए ठग लिए गए। नागझिरी थाना क्षेत्र में ब्रोकरशिप का काम करने वाले 42 वर्षीय भारत सिंह चौहान के तीन बैंक खातों से कथित तौर पर बिना जानकारी के UPI ट्रांजेक्शन के जरिए 1,13,811 रुपए निकाल लिए गए। वहीं, देवास गेट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर गोल्ड ज्वेलरी का वीडियो देखकर लिंक खोलने वाली देवकी यादव से 60,300 रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UPI ट्रांजेक्शन से खाते से निकले रुपये
भारत सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर को उनके बैंक खातों से लगातार UPI ट्रांजेक्शन हुए। जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बैंक के माध्यम से करीब 1.60 लाख रुपए की राशि होल्ड कराई गई। बाद में कुछ रकम वापस भी मिली। देवकी यादव ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर को इंस्टाग्राम पर गोल्ड ज्वेलरी का वीडियो देखकर उन्होंने लिंक खोला था।
इंस्टाग्राम ज्वेलरी लिंक से 60,300 रुपये की ठगी
इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले 12,150 रुपए कोरियर शुल्क मांगा और फिर अलग-अलग शुल्क बताकर भुगतान कराया। महिला ने कुल 60,300 रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन ज्वेलरी नहीं पहुंची। उन्होंने 1930 और आईटी सेल में शिकायत की। पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और बिना पुष्टि ऑनलाइन भुगतान से बचने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
ये भी पढे़ं- शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे की सहारनपुर मामले में बढ़ी मुश्किलें?