देवबंद गैंगरेप केस में दो पुलिसकर्मी दोषी करार, 6 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा
सहारनपुर: देवबंद में साल 2015 में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय ने तत्कालीन एसएचओ ब्रजमोहन यादव और एसआई वेदपाल सिंह को दोषी करार दिया है। अदालत ने सजा सुनाने के लिए 6 नवंबर की तारीख तय की है। दोनों दोषियों को पुलिस ने अदालत से ही हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
2015 के सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो पुलिसकर्मी दोषी करार
बता दें, यह मामला 6 अगस्त 2015 का है। पति की गिरफ्तारी के बाद उसके बारे में जानकारी लेने थाने पहुंची महिला ने तत्कालीन एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज हुआ। सीबीसीआईडी ने जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। पीड़िता ने इसे अदालत में चुनौती दी। अधिवक्ता राजीव तोमर के मुताबिक, लंबी सुनवाई और गवाहों के बयान के बाद अदालत ने दो आरोपियों को दोषी ठहराया है। पीड़िता ने फैसले पर संतोष जताते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- शिवपुरी PG कॉलेज में LLB छात्र से मारपीट का आरोप, प्रोफेसरों पर करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप