झालावाड़ पुलिस ने विशेष अभियान के तहत ट्रक से 8 कि

झालावाड़ में ट्रक से 8.9 किलो डोडा-चूरा बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

Two Punjab Men Arrested with 8.9 Kg of Poppy Husk in Jhalawar

झालावाड़ (राजस्थान)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भवानीमंडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 किलो 908 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक को जब्त करते हुए पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भवानीमंडी थाना पुलिस ने बिड़ला कॉलेज के सामने झालावाड़ रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक अशोक लेलैंड ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक के केबिन से 8 किलो 908 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ।

 तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जसवंत सिंह (51) पुत्र गुरचरण सिंह तथा बलविंद्र सिंह (59) पुत्र अजीत सिंह, दोनों निवासी बरास, थाना बडाली आला सिंह, जिला फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी डोडा-चूरा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किसे करने जा रहे थे। मामले में अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई में पूरे थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा तथा वृत्ताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रेवतीरमण, निजामुद्दीन, कुंवरपाल, वीरेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

यह भी पढ़ें: बोनालू उत्सव की शुरुआत, उज्जयिनी महाकाली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़