गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रेलवे ट्रैक से जुड़

रेलवे ट्रैक पर दो दर्दनाक हादसे, मजदूर की मौत और यात्री गंभीर घायल

Two Separate Railway Accidents In GPM District Leave One Dead

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रेलवे ट्रैक से जुड़े दो अलग-अलग हादसे सामने आए हैं। यहां एक ओर मोबाइल पर बात करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। आज पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गौरेला की मर्च्युरी में भेज दिया है।

मोबाइल पर बात करते समय गई जान

पहली घटना गौरेला थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार देर शाम रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल फोन पर बात कर रहे एक मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का निवासी था और गौरेला क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था।

हादसे में मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों के अनुसार अरुण कुमार मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गौरेला की मर्च्युरी में भेज दिया है।

चलती ट्रेन से गिरा यात्री, हालत नाजुक

दूसरी घटना पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां कानपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा एक यात्री अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल यात्री की पहचान राजकुमार साहू (35 वर्ष) निवासी चित्रकूट, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चित्रकूट से रायपुर की यात्रा कर रहा था। हादसे के बाद ट्रैक से गुजर रही एक मालगाड़ी के गार्ड की नजर घायल युवक पर पड़ी। गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पहुंचाया।

रेलवे पुलिस कर रही जांच, यात्री रेफर

इसके बाद घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: बाइक सवार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने की पत्थरबाजी, सिर में चोट लगने से मौत