क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर 27 किलो चांदी लूटने वाले बदमाशों से मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली; SOG प्रभारी घायल
वाराणसी (उत्तर प्रदेश): वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित लौटुबीर इलाके में सोमवार देर रात पुलिस और चांदी लूटकांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एसओजी प्रभारी गौरव कुमार भी घायल हो गए।
मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं, बदमाशों की एक गोली एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के दाहिने हाथ में लग गई। सभी घायलों को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
27 किलो चांदी लूटकांड में थे शामिल
पुलिस ने बताया कि घायल दोनों आरोपी 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में हुई 27 किलो 327 ग्राम चांदी की लूट की घटना में शामिल थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब चार किलो लूटी गई चांदी, नकदी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि लूटकांड के खुलासे के लिए चौक पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार रात सावन ड्यूटी खत्म होने के बाद एसओजी प्रभारी गौरव कुमार और चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा को सूचना मिली कि लूट में शामिल दो आरोपी लंका क्षेत्र के लौटुबीर इलाके में लूटे गए माल के साथ मौजूद हैं।
रोकने पर बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। इसके जरिए लूटकांड में शामिल अन्य बदमाशों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। गौरतलब है कि 16 जुलाई की शाम सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स का कर्मचारी 27 किलो 327 ग्राम चांदी लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहा था। इसी दौरान गोविंदपुरा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कर्मचारी को रोक लिया और चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में चौक थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
यह भी पढ़े: ग्रेटर नोएडा में चिप निर्माण कंपनी में भीषण आग, दो दमकलकर्मियों की मौत