नई दिल्ली के अशोक विहार थाने में दो बहनों ने पुलिस

दिल्ली में दो बहनों ने पुलिस कर्मियों पर लगाया मारपीट और यौन उत्पीड़न का आरोप

दो बहनों ने पुलिस कर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में दो बहनों ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के एक थाने में पुलिस कर्मियों द्वारा उनके साथ मारपीट करने और उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। दोनों बहनों ने दावा किया कि यह घटना उस वक्त हुई, जब वे एक मेक-अप स्टूडियो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने अशोक विहार थाना गई थीं।

बहनों के आरोपों पर पुलिस का जवाब

हालांकि, पुलिस ने उनके दावे को खारिज करते हुए कहा कि एक महिला पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद उन दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। दोनों बहनों का दावा है कि 21 सितंबर को जब वे दोनों अशोक विहार थाना गई थीं, तो उन्हें लगभग पांच-छह घंटे इंतजार कराया गया और जब उन्होंने कार्यवाही की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो पुरुष और महिला पुलिस कर्मियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की।

पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उन्हें एक अंधेरे कमरे में ले जाया गया। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा कि यह मामला शिकायतकर्ता और एक मेक-अप स्टूडियो के बीच दीवानी विवाद से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अतिरिक्त डीसीपी) और उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने दोनों बहनों की शिकायत सुनीं। 

पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी पर हमले का आरोप लगाया

पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं को बताया गया था कि यह विवाद दीवानी प्रकृति का है। इसे उचित कानूनी तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए, तथा केवल उनकी मांग पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती। पुलिस का दावा है कि यह सुनकर वे दोनों आक्रोशित हो गईं और उन्होंने एक महिला पुलिस कर्मी पर हमला कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि वह दोनों बहनों के आरोपों और पुलिस के पक्ष की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- भारी बारिश के बीच सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए राहत-बचाव के निर्देश