मिर्जापुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ में

मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर स्नैचर गिरफ्तार

Two Snatchers Arrested After Police Encounter in Mirzapur

मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। यूपी के मिर्जापुर में गुरुवार तड़के पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर स्नैचरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार स्नैचर भदोही और सोनभद्र जिले के बताए गए हैं। गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को भोर में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और सीओ नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली कटरा पुलिस टीम जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बिना रुके तेज गति से दुधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की तरफ भागने लगे।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस टीम ने दोनों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद मुस्तैद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगी और वह गिरकर कराहने लगा। वहीं, दूसरा युवक पैदल भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेरकर पकड़ लिया।

सद्दाम के पैर में लगी गोली

पुलिस टीम ने मौके पर जाकर घायल युवक को देखा तो उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। पूछताछ में उसने अपना नाम सद्दाम उर्फ लखेन्दर, उम्र 34 वर्ष, पुत्र जलालुद्दीन निवासी खुटहनियां, थाना कर्मा, जनपद सोनभद्र बताया। जामा तलाशी में उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा पैंट की जेब से पीली धातु की चेन बरामद हुई।

फिरोज आलम के पास से तमंचा और कारतूस बरामद

दूसरे आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम फिरोज आलम, उम्र 30 वर्ष, पुत्र कल्लू उर्फ कमालुद्दीन निवासी वार्ड नंबर-10, गडही मोहल्ला, चौधरी नगर, घोसिया, थाना औराई, जनपद भदोही बताया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या UP63BK0713 भी मौके पर गिरी हुई हालत में मिली।

घायल बदमाश की हालत सामान्य

गोली लगने से घायल सद्दाम उर्फ लखेन्दर को इलाज के लिए जिला अस्पताल मिर्जापुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि 1 सितंबर 2026 को दोनों ने टीवीएस राइडर बाइक से नटवा तिराहे के पास एक बाइक सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनकर भाग गए थे। पुलिस के अनुसार, उसी छीनी गई चेन का कुछ टुकड़ा आरोपियों के पास से बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सद्दाम उर्फ लखेन्दर का आपराधिक इतिहास है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े:   चंदौली में भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, आठ आरोपी गिरफ्तार