रीवा में स्वतंत्रता दिवस पर दर्दनाक हादसा, खदान के पानी में डूबे दो छात्र
रीवा (मध्य प्रदेश)। जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्र गहरे खदान के पानी मे डूब गए घटना शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ के खेल मैदान के पास स्थित गहरी अवैध खदान की है, जहां पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक छात्र की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरे छात्र की हालत बहुत ही नाजुक बनी हुई है जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया है जहां डाक्टर उसे बचाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
एक छात्र की मौत, दूसरा गंभीर; स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद पहुंचे थे मैदान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान सुभाष सोनी पिता रजनीश सोनी, निवासी ग्राम खर्रा, थाना नईगढ़ी और दूसरा शिवम पाठक पिता पूर्णेंद्र पाठक, निवासी ग्राम डेढ़ताल, थाना नईगढ़ी के रूप में हुई है। जो जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। दोनों छात्र अलग-अलग निजी व शासकीय स्कूलों बाल भारती व पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते थे। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ध्वजारोहण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोनों गढ़ स्थित शासकीय स्कूल के खेल मैदान पहुंचे थे।
अवैध खदान में भरे बारिश के पानी में डूबे दोनों बच्चे
खेल मैदान के ठीक बगल में मिट्टी व गिट्टी के अवैध उत्खनन से बनी एक गहरी खदान में बारिश का पानी भरा हुआ था। दोपहर के वक्त खेल-खेल में दोनों बच्चे पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और गढ़ पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने मशक्कत कर दोनों छात्रों को पानी से निकाला
मशक्कत के बाद निकाले गए दोनों युवक स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी में डूबे बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। और दूसरे को गंभीर हालत में रीवा रेफर किया दोनों बच्चों की उम्र 12 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर हुई इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़े: गुजरात में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, मंडार पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल