समस्तीपुर में ढाबा संचालक को गोली मारकर घायल करने

समस्तीपुर गोलीकांड मामले में बड़ी कार्रवाई, नेपाल भागने की फिराक में दो बदमाश मधुबनी से गिरफ्तार

आदर्श नगर थाना

समस्तीपुर (बिहार)। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ स्थित SH -88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के पास ढाबा संचालक अभिनंदन कुमार को गोली मारकर गम्भीर रूप से घायल करने के मामले में एसटीएफ व डीआईयू की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर नेपाल भागने की फिराक में लगे दो बदमाशों को मधुबनी से गिरफ्तार किया है।

दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी नेपाल सीमा के पास

मिली जानकारी के अनुसार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी नेपाल सीमा के पास से की गई है। जबकि इस फायरिंग के मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।जानकारी के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि बदमाशों ने ढाबा संचालक 28 वर्षीय अभिनंदन कुमार को बदमाशों ताबड़तोड़ तीन गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश

जख्मी अभिनंदन कुमार की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र के रूप में की गई हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चार बदमाशों की पहचान की है।

कुछ महीने पहले भी दी थी हत्या की धमकी

इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावे ताजपुर थाना क्षेत्र से भी कुछ संदिग्धों को उठाकर उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि अभिनंदन कुमार को कुछ महीने पहले भी हत्या करने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस से शिकायत भी की थी।

शुरुआती जांच में मामला लेनदेन से जुड़ा

शुरुआती जांच में मामला लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। शुक्रवार की रात तक एसटीएफ की टीम नगर थाने में जुटी रही। अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये एसटीएफ के डीएसपी, सदर एसडीपीओ-1 समेत दर्जनों पुलिस जवान व डीआईयू की टीम टेक्निकल रूप से अनुसंधान करने में जुटी हुई है।

जख्मी अभिनंदन फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में भर्ती

इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में छापेमारी जारी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इधर, परिजनों ने बताया कि गोली लगने से जख्मी अभिनंदन कुमार का पटना के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में भर्ती हैं। 

यह भी पढ़ेंः बरेली में ग्राम प्रधान की संदिग्ध मौत, महिला पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज