लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रतापुर और त्रिपुला चौराहों

रतापुर-त्रिपुला चौराहों पर 60 करोड़ से बनेंगे दो अंडरपास, NHAI ने तेज की तैयारी

लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर जाम से मिलेगी राहत

रायबरेली: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित रतापुर और त्रिपुला चौराहे पर लगने वाले भीषण जाम से जल्द ही वाहन चालकों को मुक्ति मिलने जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यहां 50-50 मीटर लंबाई के दो अंडरपास बनाने की कवायद तेज कर दी है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर कुल 60 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जिसकी स्वीकृति एनएचएआई मुख्यालय से मिल चुकी है।

4-लेन का होगा प्रस्तावित अंडरपास

​दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर स्थित इन दोनों चौराहों पर काफी समय से ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। अंडरपास का प्रस्ताव कई साल पहले तैयार किया गया था, लेकिन कागजी अड़चनों के कारण काम धीमा पड़ गया था। अब इस परियोजना ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रस्तावित अंडरपास 4-लेन का होगा। इसके बनने से लखनऊ और रायबरेली से प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों के समय में सीधी बचत होगी। एनएचएआई ने इस परियोजना को आगामी डेढ़ साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

लगभग दो हेक्टेयर भूमि का किया गया अधिग्रहण ​ दोनों अंडरपास के निर्माण के लिए लगभग दो हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसकी जद में आने वाले मकानों, दुकानों और जमीनों के स्वामियों को जिला प्रशासन के सहयोग से मुआवजा राशि का भुगतान शुरू कर दिया गया है। NHAI के परियोजना निदेशक नवरत्न ने बताया कि अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही धरातल पर काम भी शुरू हो जाएगा। इससे प्रयागराज, रायबरेली व लखनऊ के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को जाम के झाम में नहीं फंसना पड़ेगा। 

ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में नाबालिग ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चलेगा विशेष रेस्क्यू अभियान