चंदौली में कथित धर्म परिवर्तन मामले में बड़ी कार्रवाई, दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। बबुरी थाना क्षेत्र के गौरी गांव में कथित अवैध धर्म परिवर्तन के मामले में चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा लोगों को अनुचित प्रभाव में लेकर मुफ्त पैसे और भविष्य में आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था।
मौके से ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री भी मिली
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे गौरी गांव निवासी अशोक पुत्र बाढ़ू के घर पर लोगों की भीड़ एकत्रित थी। आरोप है, कि वहां ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रभावित किया जा रहा था। मौके से ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री भी मिलने की बात पुलिस ने कही है।
धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा दर्ज
मामले में थाना बबुरी में मु0अ0सं0 113/26, धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित दोनों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार 10 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष नारायण पुत्र वंश नारायण, निवासी बड़गांव थाना शहाबगंज और अशोक पुत्र बाढ़ू, निवासी गौरी थाना बबुरी, चंदौली के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल विजय शंकर और कांस्टेबल अजीत चौहान शामिल रहे। पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की जानकारी दी है।
यह भी पढ़ेंः जमीन विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की हत्या का आरोप