बाराबंकी के रामसनेहीघाट में पुलिस और बदमाशों के बी

बाराबंकी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो इनामी बदमाशों के पैर में लगी गोली, सिपाही भी घायल

गिरफ्तार इनामी बदमाश

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम दुल्हदेपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी के दौरान बिना नंबर की काली स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली आरक्षी अभिषेक की हथेली में जा लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट भेजा गया।

दोनों आरोपी लूट की घटनाओं में वांछित

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल दीक्षित पुत्र स्वर्गीय अनिल दीक्षित निवासी ग्राम वाड़ी थाना सिधौली जनपद सीतापुर तथा सौरभ कुमार वर्मा पुत्र संजय कुमार वर्मा निवासी गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर थाना रामसनेहीघाट जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। राहुल दीक्षित पर 25 हजार रुपये और सौरभ कुमार वर्मा पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे थे।

आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए। इनमें एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस तथा एक .12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस शामिल है। इसके अलावा बिना नंबर की एक काली स्कूटी भी बरामद की गई है।

चार नवंबर की रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना

पुलिस के मुताबिक चार नवंबर की रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर ग्राम दुल्हदेपुर के पास चेकिंग और घेराबंदी की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दोनों आरोपियों ने पुलिस को देखकर गोली चला दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। घटना के बाद पुलिस बरामद असलहों और स्कूटी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ेंः केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का आरोप, पाकिस्तानी नेताओं और अमेरिकी डोनर्स से CJP कार्यकर्ताओं को मिली फंडिंग