सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, अमृत सरोवर में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
सोनभद्र: सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के पवर गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। गांव स्थित अमृत सरोवर में नहाने गए दो मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
बिना बताए पानी में उतरे
जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान 10 वर्षीय सत्या और 7 वर्षीय अंशु बियार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे बिना बताए या खेलते-खेलते अमृत सरोवर के पास पहुंच गए और पानी में उतर गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और गहराई का अंदाजा न होने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जब काफी देर तक बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को सरोवर के पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में ग्रामीण दोनों बच्चों को लेकर जिला अस्पताल लोढ़ी पहुंचे, जहां जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- 'अब चुनाव आयोग पर किसी को भरोसा नहीं': TMC के नाम और चुनाव चिह्न विवाद पर कल्याण बनर्जी का बड़ा बयान