छत्तीसगढ़ के कोरबा में अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने म

कोरबा: छठी कार्यक्रम के लिए सब्जी लेने गए दो युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर ही मौत; 6 घंटे तक चक्काजाम

Rural Road Safety

कोरबा: छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले कटघोरा-दीपका मुख्य मार्ग पर चाकाबुड़ा के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर करीब 6 घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बाजार से सब्जी लेकर लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश उर्फ बबलू (26 वर्ष, निवासी चाकाबुड़ा) के घर पर बच्चे की छठी का कार्यक्रम चल रहा था। घर में उत्सव और खुशियों का माहौल था। प्रकाश अपने साथी बलदेव नेटी (19 वर्ष, निवासी बांका) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्थानीय बाजार से सब्जी और अन्य सामान लेने गया था। बाजार से लौटते समय चाकाबुड़ा के पास काल बनकर आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

6 घंटे तक ठप रहा कटघोरा-दीपका मार्ग

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही और रफ्तार पर अंकुश न होने का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। लगभग 6 घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर उपस्थित तहसीलदार द्वारा शासन की ओर से पीड़ित परिवारों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई, जिसके बाद प्रशासन की समझाइश पर परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया।

​पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द

पुलिस ने दोनों शवों को तत्काल बांकीमोंगरा एसईसीएल (SECL) अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया था। आज प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। एक ही पल में घर की खुशियां मातम में बदल जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल, बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष विवाद

https://www.primenewsnetwork.in/state/west-bengal-opposition-leader-row/206078