सदर अस्पताल की ओपीडी में घुसे दो यूट्यूबर, इलाज में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज
औरंगाबाद: सदर अस्पताल में चिकित्सा कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में दो यूट्यूबरों के खिलाफ नगर थाने में मंगलवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि दोनों यूट्यूबरों के व्यवहार से आहत चिकित्सक ने शिकायत देकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधक प्रफुल कांत निराला ने बताया कि सर्पदंश के काफी देर बाद एक मरीज को सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। मरीज को चार एंटीवेनम देने के बावजूद बचाया नहीं जा सका।
ओपीडी में घुसकर चिकित्सकों को परेशान करने का आरोप
अस्पताल प्रबंधक के अनुसार, इलाज के दौरान ही दो यूट्यूबर सूर्यदेव चौहान और राकेश कुमार ओपीडी में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने न केवल चिकित्सीय कार्य में बाधा पहुंचाई, बल्कि पत्रकारिता का धौंस दिखाकर चिकित्सकों को परेशान भी किया। इससे मरीज के इलाज पर असर पड़ा। अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि इस दौरान कई अन्य मरीजों की चिकित्सीय सुविधाएं भी प्रभावित हुईं। साथ ही, दोनों यूट्यूबरों पर मृत मरीज के परिजनों को दिग्भ्रमित करने का आरोप भी लगाया गया है। इस घटना के बाद सदर अस्पताल में हंगामे की स्थिति बन गई। उन्होंने दावा किया कि दोनों यूट्यूबरों की गतिविधियां अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में उन्हें ओपीडी में घुसकर चिकित्सक को परेशान करते हुए देखा जा सकता है, जबकि उस दौरान कई मरीज इलाज के लिए इंतजार कर रहे थे।
सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में FIR
अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि कार्यरत चिकित्सक के आवेदन पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि सदर अस्पताल के चिकित्सक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बैतूल में अरिहंत जनरल स्टोर सील, प्रशासन ने जब्त किए पटाखे