सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन नगर निगम न

सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, हनुमान मंदिर के पास अवैध होटल और दुकानों का निर्माण हटाया

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

उज्जैन (मध्य प्रदेश)। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन नगर निगम ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार सुबह खास चौक स्थित 11 मुखी हनुमान मंदिर के पास बिना अनुमति बनाए जा रहे होटल और दुकानों के निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, यहां ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल को मिलाकर करीब 6 हजार वर्गफीट क्षेत्र में निर्माण किया जा रहा था।

निचले तल पर करीब 3 हजार वर्गफीट निर्माण

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम दो पोकलेन और तीन जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात रहा। निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित स्थान पर होटल के साथ सामने की ओर दुकानें बनाने का काम चल रहा था। निचले तल पर करीब 3 हजार वर्गफीट निर्माण था, जबकि प्रथम तल को शामिल करने पर कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 6 हजार वर्गफीट बताया गया है।

दो नोटिस के बाद भी नहीं मिला जवाब

नगर निगम के अधीक्षक यंत्री प्रमोद मालवीय ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र में संबंधित निर्माण बिना अनुमति किया जा रहा था। इस संबंध में नगर निगम की ओर से पहले नोटिस जारी किए गए थे। जोन क्रमांक-1 के नगर निवेश विभाग ने 23 जनवरी 2026 को पहला नोटिस और 10 फरवरी 2026 को अंतिम नोटिस जारी किया था। नोटिस के माध्यम से संबंधित पक्ष को निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाने पर होगी कार्यवाई

नोटिस में मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 436 का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाने पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। साथ ही कार्रवाई में होने वाला खर्च संबंधित पक्ष से वसूलने की बात भी कही गई थी। नगर निगम के इंजीनियर शिवम दुबे के अनुसार, संबंधित पक्ष को दो नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में उनकी ओर से जवाब नहीं मिला। इसके बाद नगर निगम ने निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

सिंहस्थ 2028 से पहले अवैध निर्माण पर सख्ती

सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में तैयारियां जारी हैं। इसी बीच सिंहस्थ क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस जारी करने की प्रक्रिया के बाद निर्माण हटाने का कदम उठाया गया है। अब सिंहस्थ क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणों पर नगर निगम की कार्रवाई को लेकर भी नजर रहेगी।

यह भी पढ़ेंः ब्राजील में बड़ा हादसा टला, बिना ड्राइवर की मोनोरेल क्रेन से टकराई