उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान

उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में पुलिस की कार्रवाई तेज, 30 पर FIR और 20 आरोपी गिरफ्तार

Ujjain Mosque Dispute: FIR Against 30, 20 Accused Arrested

उज्जैन (मध्य प्रदेश)। छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जबकि अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

9 आरोपियों का चरक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण

बुधवार सुबह खाराकुंवा पुलिस गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान विवाद के बाद पथराव

बताया गया कि सोमवार को शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान ढाबा रोड और सब्जी मंडी की ओर से आए कुछ लोगों के साथ विवाद की स्थिति बनी थी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पथराव की घटना सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।

सोशल मीडिया पर भ्रामक और कथित भड़काऊ पोस्ट की जांच

पुलिस के अनुसार, भीड़ को भड़काने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक एवं कथित तौर पर भड़काऊ मैसेज और पोस्ट भी प्रसारित किए गए थे। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी

बुधवार को मेडिकल के लिए चरक अस्पताल लाए गए 9 आरोपियों में से कुछ मुंह छिपाकर अस्पताल में प्रवेश करते नजर आए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। मामले में पुलिस की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। 

यह भी पढ़ें:   सूरजपुर में हाथी के हमले से 30 वर्षीय युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश