उज्जैन के नागदा में महिलाओं के विवाद के बाद थाने म

उज्जैन के नागदा में महिलाओं के विवाद पर थाने में भारी हंगामा, VHP नेता और CSP के बीच तीखी बहस

VHP leaders clash with police in Nagda

उज्जैन (मध्यप्रदेश)। उज्जैन जिले के नागदा में महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद आधी रात थाने तक पहुंच गया। मामला इतना बढ़ा कि रात 2 बजे तक हंगामा और धरना चलता रहा। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष रमेश प्रजापत और CSP विक्रम अहिरवार के बीच तीखी बहस हुई।

दशहरे की बधाई के दौरान शुरू हुआ विवाद, दर्ज हुई FIR

विवाद नागदा के किल्लीपुरा स्थित इंद्र कॉलोनी में दशहरे की बधाई देने के दौरान शुरू हुआ। हिंदू पक्ष ने एक मुस्लिम महिला पर आपत्तिजनक बातें कहने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित महिला के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

इसके बाद बजरंग दल के नगर संयोजक दिनेश परमार ने आरोप लगाया कि SI योगिता उपाध्याय ने उनके काम में दखल देने पर हाथ उठाने की कोशिश की। इसी को लेकर SI के तबादले की मांग उठी और संगठन के पदाधिकारी थाने में धरने पर बैठ गए।

CSP से तीखी बहस, थप्पड़ मारने वाले बयान से बढ़ा तनाव

मामले की जांच के आश्वासन के दौरान VHP नेता रमेश प्रजापत ने CSP से कहा कि आप अपने किसी जवान को बुलाइए, मैं भी उसे थप्पड़ मार देता हूं। इस बयान के बाद पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस और तेज हो गई।

हंगामे के बीच VHP जिला कोषाध्यक्ष रमेश प्रजापत और बजरंग दल जिला अध्यक्ष देवेंद्र सेन के बीच भी तीखी बहस हुई। आखिरकार पुलिस अधिकारियों ने जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। अब सवाल यह है कि पूरे मामले की जांच में क्या सामने आएगा और SI के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर पुलिस का अगला कदम क्या होगा?

यह भी पढ़ें: मां शारदा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, पांच घायल; दो की हालत गंभीर