उमरिया में 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आया वृद्ध, गंभीर रूप से झुलसा
उमरिया {मध्य प्रदेश}: जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहा के घोरमारा टोला में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मकान की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय आदिवासी वृद्ध झुलस गया। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
छत पर मौजूद था वृद्ध
जानकारी के अनुसार जरहा निवासी नरदु उर्फ अब्बू कोल सोमवार को अपने घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में वह आ गया। तेज करंट लगने से वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में घायल का उपचार किया जा रहा है। करंट लगने से वृद्ध के शरीर के कई हिस्से झुलसने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल उसकी हालत को लेकर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। हादसे के बाद गांव में आवासीय मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर विद्युत लाइनें मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रही हैं। ऐसे में लोगों के छत पर जाने, निर्माण कार्य करने या रोजमर्रा के काम के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
विद्युत विभाग से निरीक्षण की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि आबादी वाले इलाकों में गुजर रही 11 हजार केवी लाइनों का निरीक्षण कराया जाए और जहां आवश्यक हो, वहां सुरक्षा दूरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही जर्जर या जोखिम वाले विद्युत ढांचे को दुरुस्त कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं। जरहा के घोरमारा टोला में हुई यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने लाती है कि आवासीय क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों का कितना पालन हो रहा है। ग्रामीणों को अब विद्युत विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: घर में लगी भीषण आग, लाखों की गृहस्थी जलकर राख, मदद की आस में पीड़ित परिवार